0-वैद्यरत्नम् आयुर्वेद महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के समापन में शामिल हुईं राष्ट्रपति, कहा- पारंपरिक ज्ञान को जरूरतमंदों की सेवा से जोड़ें युवा
त्रिशूर (केरलम)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि आयुर्वेद की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा बढ़ाने के साथ-साथ उसकी शास्त्रीय शिक्षा और चिकित्सा ज्ञान की समृद्ध परंपरा को संरक्षित एवं आगे बढ़ाने में केरलम का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। यहां वैद्य परिवारों की पीढिय़ों से चली आ रही चिकित्सा संबंधी ज्ञान-परंपरा को भी समृद्ध किया गया है। प्रामाणिक आयुर्वेदिक औषधियों के निर्माण की परंपराएं आज भी निरंतर विकसित हो रही हैं।
राष्ट्रपति मुर्मु शुक्रवार को केरलम के त्रिशूर में वैद्यरत्नम् आयुर्वेद महाविद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद की एक उल्लेखनीय विशेषता यह है कि इसका प्रामाणिक साहित्य केवल संस्कृत भाषा तक सीमित नहीं रहा है। केरलम में मलयालम और मणिप्रवालम भाषाओं में भी अनेक मौलिक ग्रंथों की रचना की गई तथा उन पर टीकाएं लिखी गई हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि प्रत्येक आयुर्वेद महाविद्यालय का दायित्व है कि वह प्रामाणिक और प्रभावी आयुर्वेद के माध्यम से समाज की सेवा करे। साथ ही, वहां समकालीन परिस्थितियों और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप आयुर्वेद की शिक्षा दी जानी चाहिए। ऐसे संस्थानों को ऐसे विशेषज्ञ तैयार करने चाहिए, जिनमें वर्तमान और भविष्य की पीढिय़ों के सामने आने वाली स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने की समझ और दूरदृष्टि हो।
उन्होंने वैद्यरत्नम् आयुर्वेद महाविद्यालय की कार्य-संस्कृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह संस्थान इसी आदर्श के अनुरूप कार्य कर रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि वैद्यरत्नम् आयुर्वेद महाविद्यालय जैसे संस्थान वर्ष 2047 तक स्वस्थ और विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
स्पेलिंग बी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया भाषाई कौशल
केरलम की आयुर्वेदिक परंपरा की विशिष्टता का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि यहां आयुर्वेद की व्यावसायिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ परोपकार और समाजसेवा की भावना भी जुड़ी हुई है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने व्यावसायिक जीवन में प्रवेश करते समय इस परंपरा को आगे बढ़ाएं। उन्हें यह उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए कि पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उद्यमशीलता को किस प्रकार वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा के साथ जोड़ा जा सकता है।
राष्ट्रपति ने विश्वास व्यक्त किया कि आयुर्वेद के शिक्षण और चिकित्सा से जुड़े संस्थान परंपरागत ज्ञान को आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करते हुए समाज के स्वास्थ्य और कल्याण में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।
