थाना की सील और हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी से बनाए फर्जी इंटीमेशन लेटर, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

फर्जी दस्तावेज तैयार करने के मामले में पुलिस की कार्रवाई, प्रिंटर और आईफोन सहित 40 हजार रुपये की सामग्री जब्त

कांकेर। थाना सिटी कोतवाली कांकेर की शासकीय सील एवं हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी का दुरुपयोग कर फर्जी इंटीमेशन लेटर तैयार करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो फर्जी इंटीमेशन लेटर, एचपी प्रिंटर एवं आईफोन 13 प्रो मोबाइल सहित कुल 40 हजार रुपये की सामग्री जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, 26 नवंबर को ठेलकाबोड़ निवासी भूपेश सिंह ठाकुर ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी एजेंसी विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय कंपनियों के अनुबंध के तहत वाहनों की वसूली एवं जब्ती का कार्य करती है। 24 नवंबर को एचडीबी वित्तीय सेवा के निर्देश पर वाहन जब्ती से पूर्व थाने में सूचना प्रस्तुत करने कर्मचारी गोविन्द मरकाम को भेजा गया था।

आरोप है कि गोविन्द मरकाम ने पूर्व में प्राप्त इंटीमेशन दस्तावेज पर अंकित शासकीय सील एवं हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी का अनाधिकृत उपयोग कर इमेज एडिटर के माध्यम से कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उन्हें वास्तविक थाना सूचना के प्रमाण के रूप में उपयोग किया।

आयुर्वेद की समृद्ध परंपरा को संरक्षित और विकसित करने में केरलम का महत्वपूर्ण योगदान : राष्ट्रपति मुर्मु

शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 434/2026 के तहत धारा 336(3), 340(2), 341(2) एवं 204 बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ में आरोपी ने फर्जी दस्तावेज तैयार करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी गोविन्द मरकाम (25), निवासी रतावा वार्ड लारीपारा, थाना सिहावा, जिला धमतरी, हाल निवासी ठेलकाबोड़ कांकेर, को गिरफ्तार कर 27 नवंबर को न्यायालय में पेश किया।

जब्त सामग्री में दो फर्जी इंटीमेशन लेटर, 10 हजार रुपये कीमत का एचपी प्रिंटर तथा 30 हजार रुपये कीमत का आईफोन 13 प्रो मोबाइल शामिल है।

कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र साहू, उप निरीक्षक मनोरथ जोशी, सहायक उप निरीक्षक भीखम साहू तथा आरक्षक रुद्र जुर्री, लक्ष्मण भास्कर, रोमेश दिवान एवं रामप्रसाद साहू की भूमिका रही।