रायपुर। छत्तीसगढ़ में आधार पंजीयन और बायोमेट्रिक अपडेट के काम में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सभी पात्र नागरिकों, विद्यार्थियों और बच्चों के आधार अपडेट कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए आधार से जुड़ी प्रक्रियाएं समय पर पूरी होनी चाहिए।
बैठक में स्कूली बच्चों के आधार पंजीयन और बायोमेट्रिक अपडेट की समीक्षा की गई। इसके लिए ‘विद्यार्थियों के लिए आधार, अब विद्यालय के द्वार’ नाम से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और अन्य शैक्षणिक योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराना है। निर्देशों के अनुसार 0 से 5 वर्ष के बच्चों का नया आधार पंजीयन कराया जाएगा। वहीं, 5 और 15 वर्ष की आयु पूरी करने पर अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट किया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग और संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय से अभियान पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग को अस्पतालों में जन्म लेने वाले बच्चों का जन्म प्रमाण पत्र डिस्चार्ज से पहले ही उपलब्ध कराने को कहा गया है। वहीं, विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के शत-प्रतिशत आधार पंजीयन के लिए दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों और ग्राम पंचायतों में अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से विशेष शिविर लगाए जाएंगे। मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों को लंबित आधार पंजीयन और बायोमेट्रिक अपडेट की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में आधार सेवा केंद्रों की उपलब्धता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में आधार को शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) और अन्य सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार आधार प्रमाणीकरण से सरकारी योजनाओं की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी और वास्तविक जरूरतमंदों तक सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

