रायपुर। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने आदिवासी महिलाओं के सम्मान, स्वाभिमान और आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। सरकार उनके पोषण, सुरक्षा, शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रही है। मंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की 20 लाख 28 हजार 803 आदिवासी महिलाएं सीधे लाभान्वित हो रही हैं। योजना के माध्यम से मिलने वाली आर्थिक सहायता से महिलाएं परिवार के पोषण, बच्चों की शिक्षा और रोजमर्रा की जरूरतों में अपनी भागीदारी बढ़ा रही हैं।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 2,072 विवाह संपन्न कराए गए हैं। इनमें करीब 580 अनुसूचित जनजाति वर्ग की बेटियां शामिल हैं। वहीं, पीएम-जनमन अभियान के अंतर्गत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की बसाहटों में 191 आंगनबाड़ी केंद्र स्वीकृत किए गए हैं और सभी केंद्र संचालित हो रहे हैं। मंत्री ने बताया कि पीएम-जनमन अभियान के तहत छत्तीसगढ़ की पांच विशेष पिछड़ी जनजातियों बैगा, पहाड़ी कोरवा, कमार, अबूझमाड़िया और बिरहोर के 1,545 गांवों और 2,365 बसाहटों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। अब तक 24,218 पक्के आवास बनाए जा चुके हैं और 1,833 किलोमीटर सड़क निर्माण पूरा हुआ है। इसके अलावा 7,349 परिवारों का विद्युतीकरण किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 57 मोबाइल मेडिकल यूनिट और 16 वनधन विकास केंद्र भी संचालित हैं।
धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत प्रदेश के 32 जिलों के 6,691 जनजातीय बहुल गांवों को शामिल किया गया है। इस अभियान में 733.258 करोड़ रुपये की लागत से 1,413 विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है। इनमें छात्रावास, आश्रम, जनजातीय बहुउद्देशीय विपणन केंद्र और एम्स रायपुर में सिकल सेल एनीमिया के उपचार के लिए सेंटर ऑफ कॉम्पिटेंस की स्थापना जैसे कार्य शामिल हैं। मंत्री ने बताया कि आदिवासी उपयोजना का बजट वर्ष 2023-24 में 21,492.34 करोड़ रुपये था, जिसे वर्ष 2026-27 में बढ़ाकर 42,165.95 करोड़ रुपये कर दिया गया है। वहीं, छत्तीसगढ़ में अब तक 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत और 46 हजार से अधिक सामुदायिक वन अधिकार पत्र वितरित किए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल आदिवासी नायकों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनकी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों को संरक्षित करते हुए बेहतर भविष्य बनाने का संकल्प भी है।
