खैरागढ़। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल के बीच प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है। राजस्व कार्यों में लापरवाही और अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के आरोप में तीन पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, हड़ताल में शामिल 57 पटवारियों का अक्टूबर माह का वेतन भी रोक दिया गया है।
प्रशासन के अनुसार, पटवारी 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इसके चलते डिजिटल क्रॉप सर्वे, गिरदावरी किसान पंजीयन, नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे महत्वपूर्ण राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आगामी धान खरीदी को देखते हुए इन कार्यों का समय पर पूरा होना जरूरी है, ताकि किसानों को परेशानी न हो।
जिन तीन पटवारियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई है, उनमें खैरागढ़ तहसील के आकाश सिंह राजपूत, छुईखदान तहसील की वाणी झा और साल्हेवारा तहसील के अमित श्रीवास्तव शामिल हैं। तीनों पर शासकीय कार्यों में लापरवाही, समय पर प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं करने और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करने के आरोप हैं।
वहीं, प्रशासन ने हड़ताली पटवारियों को अंतिम कारण बताओ नोटिस जारी कर काम पर लौटने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्यों से अनुपस्थित रहने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर कार्यालय की जानकारी के मुताबिक, जिले में कुल 65 पटवारी पदस्थ हैं। इनमें से आठ का अक्टूबर माह का वेतन जारी किया गया है, जबकि हड़ताल में शामिल शेष 57 पटवारियों का वेतन आहरित नहीं किया गया है। प्रशासन ने लंबित राजस्व कार्यों को पूरा कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं।



