शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने प्रशासन की पहल, BTI चौक से कलेक्ट्रेट तक सड़क का सीमांकन

Follow Us

जांजगीर-चांपा। शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करने और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू की है। बुधवार को BTI चौक से कलेक्ट्रेट तिराहे तक निर्माणाधीन डिवाइडर के दोनों ओर 12-12 मीटर सड़क क्षेत्र का सीमांकन और मार्किंग की गई। कलेक्टर और एसपी के निर्देश पर प्रशासन, पुलिस, नगर पालिका और PWD की संयुक्त टीम ने सर्वे किया। इस दौरान दुकानदारों को सड़क सीमा से बाहर रखे सामान, बोर्ड, फ्लेक्स और बैनर हटाने की समझाइश दी गई। साथ ही सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण नहीं करने के निर्देश दिए गए।

सर्वे के दौरान सड़क किनारे कुछ शासकीय पार्किंग स्थलों की पहचान की गई है। अन्य संभावित स्थानों को भी पार्किंग के रूप में विकसित करने की योजना है। वहीं, सड़क किनारे लगे बिजली के खंभों को शिफ्ट करने के लिए विद्युत विभाग से समन्वय किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित पार्किंग के बजाय सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने व्यापारियों और नागरिकों से अतिक्रमण नहीं करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।