भाजपा सरकार में सरकारी कार्यालय बना शराबखोरी का अड्डा!
कांकेर। भाजपा सरकार में सरकारी कार्यालयों की मर्यादा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सरकारी कार्यालय में कर्मचारियों के पास शराब मिलने के मामले को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया। पुलिस द्वारा शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कांकेर (ग्रामीण) के अध्यक्ष लोमेन्द्र यादव द्वारा पुलिस थाना कांकेर में लिखित शिकायत प्रस्तुत कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई है। शिकायत में सरकारी कार्यालय में शराब परोसे जाने तथा संबंधित कर्मचारियों के आचरण को लेकर गंभीर आरोप उठाए गए हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि सरकारी कार्यालय जनता की सेवा और जनसमस्याओं के निराकरण के लिए होते हैं, न कि शराबखोरी और अनुशासनहीनता के लिए। भाजपा सरकार में यदि सरकारी कार्यालयों के भीतर इस तरह की गतिविधियां हो रही हैं, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था और सरकारी संस्थानों की गरिमा पर बड़ा सवाल है।
कांग्रेस ने सवाल उठाया कि आखिर सरकारी कार्यालय में शराब परोसने की अनुमति किसने दी? इसमें कौन-कौन जिम्मेदार हैं और पुलिस प्रशासन अब तक एफआईआर दर्ज करने से क्यों बच रहा है? क्या भाजपा सरकार में सरकारी कर्मचारियों को कानून और नियमों से ऊपर समझा जा रहा है?
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि इस मामले को दबाने या दोषियों को संरक्षण देने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन तत्काल एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच करे तथा दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कठोर कानूनी और विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करे।
पीएम मोदी के अपनेपन ने पैरा एथलीट्स का जीता दिल, अशोक मलिक को अपने हाथ से खिलाया चूरमा
लोमेन्द्र यादव ने कहा कि सरकारी कार्यालयों की गरिमा से खिलवाड़ और जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाने वाली गतिविधियों को कांग्रेस किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। यदि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई नहीं करता है, तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर इस लड़ाई को और तेज करेगी। इस पुतला दहन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष लोमेन्द्र यादव, शहर अध्यक्ष यासीन करानी, सुनील गोस्वामी, मकबूल खान,मृदुला भास्कर, गीता भास्कर,मुकेश तिवारी,किसन साहू,चन्द्रलोक ठाकुर,मतीन खान,अमित साहू, तारस सिन्हा, प्रशांत सिन्हा आदि उपस्थित थे।


