बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के दीपका में निर्माण कार्य के दौरान एक ऐसा हादसा हुआ, जिसने सभी को हैरान कर दिया। दूसरी मंजिल पर काम कर रहा 23 वर्षीय मिस्त्री मुकेश कुमार अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। इस दौरान पहली मंजिल पर निकला करीब चार फीट लंबा लोहे का सरिया उसके शरीर में घुसकर पेट और छाती को चीरते हुए आर-पार निकल गया। गंभीर रूप से घायल युवक को सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन कर उसकी जान बचा ली।
हादसे के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद सरिये को काटकर युवक को बाहर निकाला गया। उसे पहले दीपका के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए सिम्स भेज दिया गया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया।
सिम्स के शल्य चिकित्सा विभाग के डॉ. राजेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बेहद सावधानी के साथ युवक के शरीर में फंसे सरिये को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि सरिया शरीर के आर-पार होने के बावजूद किडनी, लीवर और प्रमुख रक्त वाहिकाओं को नुकसान नहीं पहुंचा। डॉक्टरों के संयुक्त प्रयास से युवक की जान बच गई। फिलहाल मुकेश कुमार की हालत स्थिर है और उसे चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया है।
