नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के करोल बाग स्थित गफ्फार मार्केट में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि इसे काबू करने के लिए दमकल विभाग की 22 गाड़ियों को मौके पर तैनात करना पड़ा। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। जानकारी के मुताबिक, गफ्फार मार्केट के 13 ब्लॉक स्थित चेन वाली गली में पुरी प्लाजा की एक दुकान में रात करीब 1:30 बजे आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पानी के टैंकर और रोशनी के लिए लाइटिंग की व्यवस्था भी की गई।
चार मंजिला इमारत में फैल गई आग
दिल्ली पुलिस के अनुसार, रात करीब 1:28 बजे करोल बाग थाने में पीसीआर कॉल के जरिए चेन वाली गली की एक इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी और नाइट स्टाफ पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। जांच में पता चला कि आग गफ्फार मार्केट स्थित चार मंजिला व्यावसायिक इमारत पुरी प्लाजा की दुकान नंबर 13/21 में लगी थी। यहां मोबाइल एक्सेसरीज का कारोबार होता है।
मोबाइल बैटरियों से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग ग्राउंड फ्लोर पर स्थित दुकान से शुरू हुई, जहां मोबाइल फोन की बैटरियां रखी हुई थीं। आशंका जताई जा रही है कि बैटरियों के ओवरहीट या ओवरचार्ज होने के कारण आग लगी होगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इमारत की ऊपरी मंजिलों तक फैल गई। राहत और बचाव कार्य के लिए दमकल की गाड़ियों के अलावा तीन कैट एंबुलेंस और दो पीसीआर वाहन भी तैनात किए गए।हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसके लिए दमकल विभाग और इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर की रिपोर्ट के आधार पर जांच की जाएगी।
वेंटिलेशन की कमी से दमकलकर्मियों को परेशानी
मौके पर मौजूद डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एम.के. चट्टोपाध्याय ने बताया कि इमारत में वेंटिलेशन की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है। इसके कारण अंदर धुआं भरने और दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इमारत में आने-जाने के लिए केवल एक सीढ़ी है और प्रत्येक मंजिल पर करीब 14 से 15 दुकानें बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि आग बुझाने के दौरान इमारत के अंदर काफी गर्मी महसूस हो रही है। इसके बावजूद दमकलकर्मी लगातार अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों को उम्मीद है कि अगले दो से तीन घंटों में आग पर काबू पाने और जरूरी कार्रवाई पूरी करने में सफलता मिल सकती है।
बेसमेंट सुरक्षित, आग बुझने के बाद होगी तलाशी
डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर के मुताबिक, इमारत में एक बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और तीन ऊपरी मंजिलें हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बेसमेंट सुरक्षित है, जबकि आग ग्राउंड फ्लोर की एक या दो दुकानों से शुरू होकर ऊपर की मंजिलों तक पहुंची। इमारत में मोबाइल एक्सेसरीज और क्रॉकरी की दुकानें संचालित होती हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग पूरी तरह बुझने के बाद दमकल विभाग की टीम इमारत में तलाशी अभियान चलाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अंदर कोई व्यक्ति फंसा हुआ तो नहीं है।
