रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसी ने कार्रवाई तेज कर दी है। रायपुर की विशेष अदालत ने मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर सौंपने की अनुमति दे दी है। साथ ही CBI को उसे दिल्ली स्थित मुख्यालय ले जाकर पूछताछ करने की मंजूरी भी मिल गई है। अब मामले की आगे की जांच दिल्ली में होगी।
सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित कर भारत लाया गया था। इसके बाद CBI की टीम उसे रायपुर लेकर पहुंची और विशेष अदालत में पेश किया। सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने गिरफ्तारी की वैधता और प्रत्यर्पण की शर्तों पर सवाल उठाए, जबकि जांच एजेंसी ने सट्टेबाजी नेटवर्क की गहराई से जांच के लिए रिमांड की मांग की थी। अदालत ने पूछताछ CCTV कैमरों की निगरानी में करने और आरोपी को शाम के समय अपने वकील से मिलने की अनुमति भी दी है।
पूछताछ में महादेव सट्टेबाजी नेटवर्क के संचालन, आर्थिक लेन-देन, हवाला के जरिए विदेश भेजी गई रकम और सिंडिकेट से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जानकारी जुटाई जाएगी। करीब 6,000 करोड़ रुपये के कथित सट्टेबाजी नेटवर्क में सौरभ चंद्राकर की भूमिका को अहम माना जा रहा है। वहीं, इस मामले में अमित जोगी के घर पुलिस द्वारा नोटिस चस्पा किए जाने की भी खबर है।
