नकली लेबल-होलोग्राम से शराब पैकिंग का नेटवर्क पकड़ा, छह और गिरफ्तार

Follow Us

राजनांदगांव । अवैध शराब के कारोबार और नकली लेबल-होलोग्राम के जरिए शराब की पैकेजिंग करने वाले नेटवर्क के खिलाफ राजनांदगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अपराध क्रमांक 537/2026 की विवेचना में पुलिस ने 62 नग अवैध शराब, कुल 11.160 लीटर, नकली लेबल, होलोग्राम स्टीकर, ढक्कन, मोबाइल फोन और दो वाहनों समेत करीब 1.50 लाख रुपए की सामग्री जब्त की है। इस प्रकरण में अब तक 12 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार 21 सितंबर को गिरफ्तार आरोपियों में मोहारा निवासी कुमार वर्मा, दिनेश्वरी वर्मा, पूरन वर्मा, राजेश्वर वर्मा, डोंगरगढ़ निवासी ओमप्रकाश साहू और मुढिय़ा निवासी गौतम बाई शामिल हैं। कुमार वर्मा के कब्जे से ग्रैंड आई10 कार और 21 नग रॉयल गोआ व्हिस्की जब्त की गई। पूरन वर्मा से अधजला होलोग्राम स्टीकर, जम्मू शराब का लेबल और मोबाइल बरामद हुआ। राजेश्वर वर्मा के पास से 15 होलोग्राम स्टीकर, शराब का लेबल और पांच ढक्कन मिले। ओमप्रकाश साहू से रॉयल गोआ और सुपर छत्तीसगढ़ शराब की 21 बोतल, मोबाइल और बिना नंबर की एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई।

वहीं गौतम बाई के पास से 20 नग रॉयल गोआ स्ट्रीट व्हिस्की मिली, जिन पर उत्तराखंड का लेबल लगा था। दिनेश्वरी वर्मा को विवेचना में मिले साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि इससे पहले दऊआ वर्मा, नंद किशोर वर्मा, तेजेश्वर साहू, देवव्रत वर्मा, आनंद अग्रवाल और जयकरण सिन्हा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच में शराब के लेबल, होलोग्राम, खाली बोतल, ढक्कन, प्रिंटिंग और पैकेजिंग सामग्री भी बरामद हुई है। अब पुलिस शराब के स्रोत, नकली लेबल-होलोग्राम की उपलब्धता, पैकेजिंग, परिवहन और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। जब्त मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों से डिजिटल साक्ष्य, यूपीआई लेन-देन और कॉल डिटेल का परीक्षण कराया जा रहा है। कार्रवाई साइबर सेल और मोहारा चौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने की।