मुंबई। केरल की काजिया लिज मेजो ने 24 अगस्त को मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का खिताब अपने नाम किया। अब वह अंतरराष्ट्रीय मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। खिताब जीतने के बाद लिज ने अपने समर्थकों, प्रशिक्षकों और संगठन का आभार जताते हुए कहा कि वह भारत के लिए मिस यूनिवर्स का चौथा ताज जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने इस उपलब्धि को अपने साथ-साथ केरल और पूरे देश के लिए खास बताया।
लिज ने केरल के मुख्यमंत्री से मुलाकात का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि मिस यूनिवर्स केरल का खिताब जीतने के बाद जब वह मुख्यमंत्री से मिली थीं, तब भी उन्हें प्रोत्साहन और शुभकामनाएं मिली थीं। लिज के मुताबिक, उन्होंने इस प्रतियोगिता के लिए करीब तीन साल तक तैयारी की है। वह मिस यूनिवर्स का खिताब जीतने का सपना लंबे समय से देख रही थीं और अब भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से बेहद उत्साहित हैं।
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के मुकाबले में 53 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। टॉप-5 में वैष्णवी, तेजस्विनी श्रीवास्तव, लिज मेजो, अनुश्री सतवालेकर और अनुभा वशिष्ठ जगह बनाने में सफल रहीं। लिज कानून की छात्रा होने के साथ मॉडल और क्लासिकल डांसर भी हैं। इसी साल उन्होंने मिस यूनिवर्स केरल 2026 का खिताब जीता था। वह 2025 में मिस टीन इंटरनेशनल की फर्स्ट रनर-अप भी रह चुकी हैं।
