भारतीय नौसेना के जहाज सह्याद्री और कुलिश एडीएमएम-प्लस संयुक्त सहयोग गतिविधि के लिए सुबिक खाड़ी पहुंचे

Follow Us

नई दिल्ली । भारतीय नौसेना के जहाज सह्याद्री और कुलिश 20 सितंबर 2026 को फिलीपींस की सुबिक खाड़ी पहुंचे। दोनों जहाज भारतीय नौसेना की परिचालन तैनाती के तहत यहां आयोजित होने वाली आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक (एडीएमएम)-प्लस संयुक्त सहयोग गतिविधि (जेसीए) में भाग लेंगे।
एडीएमएम-प्लस जेसीए में आसियान सदस्य देशों और आठ प्लस देशों के सामुद्रिक बल हिस्सा लेते हैं। इस गतिविधि का उद्देश्य भाग लेने वाली नौसेनाओं के बीच अंतरसंचालनीयता बढ़ाना, आपसी समझ को मजबूत करना तथा सामुद्रिक क्षेत्र में सहयोग को आगे बढ़ाना है। इसके तहत सामुद्रिक बल विभिन्न पेशेवर और परिचालन गतिविधियों में भाग लेते हैं।

भारतीय नौसेना के जहाजों की एडीएमएम-प्लस जेसीए में भागीदारी भारत सरकार की ‘एक्ट ईस्ट नीतिÓ और ‘महासागरÓ दृष्टिकोण के अनुरूप है। महासागर का आशय ‘क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक और समग्र उन्नतिÓ से है। यह भागीदारी बहुपक्षीय सामुद्रिक सहयोग और क्षेत्रीय साझेदारों के साथ रचनात्मक जुड़ाव के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।यह तैनाती भारतीय नौसेना को भागीदार देशों की सामुद्रिक सेनाओं के साथ पेशेवर और परिचालन स्तर पर संवाद का अवसर प्रदान करेगी। इससे साझा सामुद्रिक चुनौतियों की बेहतर समझ विकसित करने तथा क्षेत्रीय सामुद्रिक सहयोग को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

भारत-फिलीपींस सामुद्रिक सहयोग को मिलेगा बल
सुबिक खाड़ी में भारतीय नौसेना के जहाजों का आगमन भारत और फिलीपींस के बीच बढ़ते सामुद्रिक सहयोग को भी रेखांकित करता है। दोनों देशों के बीच हालिया द्विपक्षीय सहयोग और अगस्त 2025 में स्थापित भारत-फिलीपींस रणनीतिक साझेदारी के आधार पर यह तैनाती पेशेवर संबंधों तथा सामुद्रिक सहयोग को और मजबूत करने का अवसर प्रदान करेगी।एडीएमएम-प्लस जेसीए में भारतीय नौसेना की भागीदारी के माध्यम से क्षेत्रीय साझेदार देशों के साथ परिचालन समन्वय और सामुद्रिक सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा सुरक्षा हितों पर सहयोग को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।