विमल इलायची विज्ञापन को लेकर मुश्किल में 3 बड़े सितारे, FDA ने भेजा नोटिस; 10 लाख तक जुर्माने का खतरा

Follow Us

मुंबई। ‘बोलो जुबां केसरी’ की पहचान वाला विमल इलायची विज्ञापन अब बॉलीवुड के तीन बड़े सितारों के लिए परेशानी का कारण बन गया है। शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीनों अभिनेताओं से विज्ञापन में उनकी भूमिका और कथित surrogate advertising को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। FDA के मुताबिक, विज्ञापन में इस्तेमाल किए गए ब्रांड नाम, संवाद और प्रस्तुति का तरीका कथित तौर पर पान मसाला उत्पाद से जुड़ा संदेश देता है। इसी वजह से विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कानूनी प्रावधानों के तहत जवाब मांगा है।


Read more :- अटल बिहारी वाजपेयी को मुर्मु, राधाकृष्णन, मोदी और नवीन सहित विभिन्न नेताओं ने अर्पित की श्रद्धांजलि


महाराष्ट्र में 13 जुलाई 2026 को जारी आदेश के तहत पान मसाला जैसे उत्पादों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री पर एक साल का प्रतिबंध लगाया गया है। ऐसे में प्रतिबंधित उत्पाद के अप्रत्यक्ष प्रचार को लेकर यह मामला और भी महत्वपूर्ण हो गया है। FDA ने Food Safety and Standards Act, 2006 की धारा 24 और 53 का हवाला दिया है। विभाग का कहना है कि भ्रामक खाद्य विज्ञापन उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं। नियमों का उल्लंघन साबित होने पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

विभाग ने अपने नोटिस में तीनों अभिनेताओं से पूछा है कि विज्ञापन में उनकी भागीदारी को लेकर उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई क्यों न की जाए। फिलहाल, अब सभी की नजरें शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ के जवाब पर हैं और इसी के बाद मामले की अगली दिशा तय होगी।