रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के कचहरी चौक स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल में जनसंपर्क विभाग की सात दिवसीय छायाचित्र प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, वीर सेनानियों के संघर्ष और बलिदान, ‘वंदे मातरम्’ की 150 वर्षों की यात्रा के साथ प्रदेश में सुशासन और विकास की उपलब्धियों को दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने दुर्लभ छायाचित्रों, ऐतिहासिक दस्तावेजों और विभिन्न जानकारियों में रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए छत्तीसगढ़ की धरती के अनेक वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके योगदान और राष्ट्रभक्ति की गाथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। ऐसी पहल युवाओं को अपने गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
प्रदर्शनी में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान छत्तीसगढ़ की भूमिका, महात्मा गांधी के प्रदेश प्रवास और स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों को भी प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक सफर को विशेष रूप से दर्शाया गया है, ताकि युवा पीढ़ी इसके राष्ट्रीय महत्व और स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान को समझ सके।
प्रदर्शनी में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की झलक भी दिखाई गई है। महिलाओं, किसानों, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के लिए संचालित योजनाओं के साथ सड़क, रेल, औद्योगिक अधोसंरचना, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में हो रहे बदलावों को भी छायाचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक टाउन हॉल और शहीद स्मारक के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी ऐतिहासिक विरासत को सहेजते हुए विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और इन धरोहरों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को अपने इतिहास से जोड़ने में मदद करेगा।
प्रदर्शनी में एआई आधारित डिजिटल अनुभव, विजिटर डायरी और छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी आकर्षण का केंद्र हैं। यह प्रदर्शनी 15 से 21 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से रात 8 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी।

