महासमुंद। जिले के मिनी स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिले के प्रभारी एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह की शुरुआत सुबह 8:58 बजे मुख्य अतिथि के आगमन के साथ होगी। इसके बाद सुबह 9 बजे मंत्री बघेल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और राष्ट्रगान के साथ समारोह का औपचारिक शुभारंभ होगा।
Read more :- स्वतंत्रता दिवस 2026- रायपुर में सीएम साय करेंगे ध्वजारोहण
ध्वजारोहण के बाद सुबह 9:10 बजे मुख्य अतिथि परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद 9:15 बजे जवानों द्वारा हर्ष फायर और मार्च पास्ट प्रस्तुत किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 9:30 बजे मंत्री दयालदास बघेल मुख्यमंत्री का जनता के नाम संदेश पढ़कर सुनाएंगे। इसके बाद 9:40 बजे पीटी प्रदर्शन और 9:50 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समारोह के अंतिम चरण में जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे उन्हें पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद सुबह 10:45 बजे मुख्य समारोह का समापन होगा। स्वतंत्रता दिवस के इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां की जा रही हैं और समारोह में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
