गया नगर–चंडी मंदिर–तमेरपारा मार्ग पर 8 दिनों से फूटी पाइपलाइन,अरुण वोरा ने किया निरीक्षण, कलेक्टर से तत्काल मरम्मत की मांग

Follow Us

दुर्ग। दुर्ग शहर के गया नगर से चंडी मंदिर होते हुए तमेरपारा जाने वाले मुख्य मार्ग पर पिछले आठ दिनों से पेयजल की मुख्य पाइपलाइन फूटी हुई है, जिसके कारण आसपास के वार्डों में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि, कई दिनों से उन्हें पानी नहीं मिल रहा है और नगर निगम द्वारा पाइपलाइन की मरम्मत के लिए सड़क खोदकर छोड़ देने से आवागमन भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

जैसे ही इस गंभीर समस्या की जानकारी दुर्ग शहर के पूर्व विधायक एवं प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा को मिली, वे तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। निरीक्षण के दौरान वोरा ने दूरभाष के माध्यम से कलेक्टर अभिजीत सिंह से चर्चा कर मामले में तत्काल हस्तक्षेप करते हुए शीघ्र मरम्मत कराने एवं प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। कलेक्टर ने उन्हें आश्वस्त किया कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश देकर जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।निरीक्षण के दौरान पूर्व एल्डरमैन मनीष यादव भी पूरे समय वोरा के साथ उपस्थित रहे।

Read more: अरुणाचल पर फिर आमने-सामने भारत-चीन,पीपीए के आरोपों पर भड़का बीजिंगhttps://amritsandesh.com/india-and-china-at-odds-again-over-arunachal-beijing-angered-by-ppas-allegations/

इसके पश्चात वोरा ने नगर निगम की जल प्रभारी लीना दिनेश देवांगन से भी दूरभाष पर चर्चा कर पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत एवं नियमित टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।

इस अवसर पर अरुण वोरा ने कहा कि, “दुर्ग शहर की ट्रिपल इंजन सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के प्रति पूरी तरह असंवेदनशील हो चुकी है। आठ दिनों से मुख्य पाइपलाइन फूटी हुई है, लोग पेयजल के लिए परेशान हैं, सड़क खोदकर छोड़ दी गई है, यातायात बाधित है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन हैं। यह प्रशासनिक लापरवाही का जीता-जागता उदाहरण है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार और नगर निगम की जिम्मेदारी है, उससे वे मुंह नहीं मोड़ सकते।”

Read more: विभाजन की पीड़ा याद कर भावुक हुए पीएम मोदी, बोले- लोगों ने शून्य से फिर खड़ी की जिंदगीhttps://amritsandesh.com/pm-modi-gets-emotional-recalling-the-pain-of-partition-says-people-rebuilt-their-lives-from-scratch/

यह मार्ग शहर का प्रमुख और अत्यधिक व्यस्त मार्ग होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। सड़क खुदी होने और लगातार बारिश के कारण पूरे क्षेत्र में कीचड़ फैल गया है, जिससे राहगीरों, वाहन चालकों एवं स्कूली बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यातायात व्यवस्था भी पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गई है.स्थानीय वार्डवासियों ने बताया कि, उन्होंने कई बार नगर निगम में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक न तो पाइपलाइन की मरम्मत की गई और न ही प्रभावित परिवारों के लिए नियमित टैंकर से पानी की समुचित व्यवस्था की गई।