रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों के तबादले को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। विभाग ने एक साथ 700 शिक्षकों के तबादले को मंजूरी दी है। लंबे समय से स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए यह फैसला महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, शिक्षकों के तबादले के लिए विभाग के पास करीब 1700 अनुशंसाएं पहुंची थीं। इसके बाद सभी प्रस्तावों की जांच और स्क्रूटनी की गई। प्रारंभिक स्तर पर करीब 1100 नामों की सूची तैयार की गई थी। बाद में उच्च स्तर पर दोबारा समीक्षा के दौरान करीब 400 नामों को सूची से बाहर कर दिया गया। इसके बाद अंतिम रूप से 700 शिक्षकों के तबादले को मंजूरी दी गई।
विभागीय स्तर पर तबादलों के पीछे प्रशासनिक जरूरतों के साथ शिक्षकों की ओर से की गई अनुशंसाओं को भी आधार बनाया गया है। किन शिक्षकों का तबादला किस जिले या स्कूल में किया गया है, इसकी जानकारी विभागीय आदेश में दी गई है।
इससे पहले 6 जुलाई को भी शिक्षकों के तबादले को लेकर जल्द फैसला होने की जानकारी सामने आई थी। अब 700 शिक्षकों के स्थानांतरण को मंजूरी मिलने के बाद इस प्रक्रिया को लेकर चल रही चर्चाओं पर विराम लग गया है।ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया भी होगी शुरूतबादले की आगामी प्रक्रिया के तहत शिक्षकों के लिए ऑनलाइन आवेदन भी जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। ऑनलाइन आवेदन शुरू होने के बाद शिक्षक निर्धारित प्रक्रिया के तहत स्थानांतरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विभाग की ओर से आवेदन की तारीख, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी अलग से जारी की जा सकती है। खासकर लंबे समय से गृह जिले या पसंदीदा स्थान पर पदस्थापना की उम्मीद कर रहे शिक्षकों की नजर अब ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पर है।700 शिक्षकों के तबादले को मंजूरी के बाद अब शिक्षा विभाग की अगली प्रक्रिया पर सभी की नजर है। ऑनलाइन आवेदन कब से शुरू होंगे और किन शर्तों के तहत शिक्षक आवेदन कर सकेंगे, इसकी जानकारी विभाग की ओर से जल्द सामने आने की उम्मीद है।
