शादी के तीन दिन बाद लापता हुई दुल्हन, वापस लाने पहुंचे तो मांगे 50 हजार; SP से शिकायत

Follow Us

सरगुजा। लखनपुर थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश निवासी रामकली बाई ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई और न्याय की मांग की है। शिकायत के मुताबिक, उनके बेटे तुलसीदास लोधी की शादी 23 मई 2026 को जमगला निवासी एक युवती से हुई थी। विवाह कराने में जमगला के दो मध्यस्थों की भूमिका बताई गई है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि शादी के दौरान दूल्हे पक्ष से 1 लाख रुपये नकद और करीब 1 लाख रुपये के जेवर लिए गए थे। शादी के बाद दुल्हन करीब तीन दिनों तक ससुराल में रही, लेकिन चौथे दिन रात में शौचालय जाने की बात कहकर घर से बाहर निकली और फिर वापस नहीं लौटी। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग उसे अपने साथ लेकर चले गए।

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि जब ससुराल पक्ष दुल्हन को वापस लाने के लिए पहुंचा, तो उनसे कथित तौर पर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई। पीड़ित परिवार ने इसे सुनियोजित ठगी बताते हुए आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया है। परिवार के अनुसार, इस मामले को लेकर 6 अगस्त को लखनपुर थाने में आवेदन देकर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करने और दिए गए नकद रुपये व जेवर वापस दिलाने की मांग की गई थी। थाने में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अब परिवार ने SP सरगुजा से शिकायत की है। फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।