शव दफनाने को लेकर गांव में विवाद, ग्रामीणों ने की घेराबंदी; पुलिस की समझाइश पर बनी सहमति

Follow Us

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के श्यामतराई गांव में एक महिला के शव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। महिला के परिजन शव को दफनाने के लिए लेकर पहुंचे थे, जिसका कुछ ग्रामीणों ने विरोध किया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की।

जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों का कहना था कि मृतिका पिछले कुछ वर्षों से हिंदू रीति-रिवाजों का पालन नहीं कर रही थी। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि महिला एक अन्य धार्मिक गुरु की अनुयायी थी और गांव की हिंदू धार्मिक मान्यताओं को नहीं मानती थी। इसी आधार पर ग्रामीणों ने शव को गांव की जमीन पर दफनाने का विरोध किया।

शव दफनाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने मौके पर बांस लगाकर घेराबंदी भी कर दी। विवाद की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाइश दी।

काफी देर तक चली बातचीत के बाद मृतिका के परिजन हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हो गए। इसके बाद विवाद शांत हुआ। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मामला सुलझा लिया गया और फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।