छत्तीसगढ़ में सामान्य के 99% तक पहुंची बारिश, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सर्वाधिक वर्षा दर्ज

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस वर्ष मानसून सामान्य के करीब पहुंच गया है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार 1 जून से 7 अगस्त 2026 तक प्रदेश में औसतन 606.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य औसत 612.8 मिलीमीटर का लगभग 99 प्रतिशत है। गुरुवार को राज्य में औसतन 10.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।जारी आंकड़ों के अनुसार, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सबसे अधिक 872.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य से 187.8 प्रतिशत अधिक है। वहीं सरगुजा जिले में सबसे कम 304.5 मिलीमीटर बारिश हुई, जो सामान्य का केवल 65.6 प्रतिशत है।

मध्य और मैदानी छत्तीसगढ़ में मानसून का असर सबसे बेहतर रहा। रायपुर में 648.7 मिमी (126.8%), बलौदाबाजार में 701.8 मिमी (122.8%), गरियाबंद में 731.8 मिमी (125.5%), महासमुंद में 771.9 मिमी (139.4%) और धमतरी में 651.4 मिमी (110.5%) वर्षा दर्ज की गई।बिलासपुर संभाग में जांजगीर-चांपा में 798.1 मिमी (126%), सक्ती में 668.8 मिमी (119.4%), बिलासपुर में 635.4 मिमी (108.5%) और मुंगेली में 584.8 मिमी (107.1%) बारिश दर्ज की गई। वहीं रायगढ़, कोरबा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में वर्षा सामान्य के आसपास रही।

दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नारायणपुर में सबसे अधिक 1008.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य का 134.9 प्रतिशत है। वहीं दंतेवाड़ा, कोंडागांव, बीजापुर, बस्तर, कांकेर और सुकमा में भी अच्छी बारिश हुई, हालांकि कुछ जिलों में यह सामान्य से कम रही।

सरगुजा संभाग में वर्षा का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया। बलरामपुर में 577.7 मिमी (119%) वर्षा हुई, जबकि जशपुर और सरगुजा में सामान्य से काफी कम बारिश दर्ज होने से सूखे जैसी स्थिति की आशंका बनी हुई है।राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष द्वारा सभी जिलों में मानसूनी गतिविधियों, जलभराव और वर्षा की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।