कांकेर। जिले के सरोना वन परिक्षेत्र अंतर्गत कोटलभट्टी गांव में कुएं से रेस्क्यू किए गए तेंदुए की मौत के बाद शुक्रवार को उसका पोस्टमार्टम कराया गया। शव परीक्षण के बाद वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में तेंदुए के शव का विधिवत दाह संस्कार किया गया।
जानकारी के अनुसार, भोजन की तलाश में तेंदुआ गांव के एक कुएं में गिर गया था। सूचना मिलने पर वन विभाग और रायपुर से पहुंची विशेष रेस्क्यू टीम ने ट्रैंक्विलाइजर की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के कुछ समय बाद शाम करीब 8 बजे तेंदुए की मौत हो गई।
शुक्रवार को पशु चिकित्सकों की टीम ने तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। हालांकि, मौत के सटीक कारणों का खुलासा अभी नहीं हुआ है। वन विभाग ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
गौरतलब है कि पिछले दो दिनों के भीतर कांकेर वन मंडल में रेस्क्यू के बाद दो वन्यजीवों की मौत हुई है। इससे पहले रेबीज से संक्रमित मादा भालू की रेस्क्यू के बाद मौत हुई थी, जबकि अब तेंदुए की भी रेस्क्यू के बाद मौत हो गई है। लगातार हुई इन घटनाओं ने वन्यजीव संरक्षण और रेस्क्यू प्रक्रिया को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


