रायगढ़ डबल मर्डर और दुष्कर्म कांड का खुलासा, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

रायगढ़। लैलूंगा थाना क्षेत्र के छापरपानी गांव में हुए महिला और उसकी 10 माह की मासूम बच्ची की हत्या के मामले का रायगढ़ पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस जघन्य वारदात के आरोपी 65 वर्षीय भिखारीराम नागवंशी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को छापरपानी गांव में एक 35 वर्षीय महिला अपनी 10 माह की बेटी के साथ प्रहलाद बेहरा के खेत स्थित बोर मकान में रह रही थी। सुबह महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली, जबकि उसकी मासूम बच्ची की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इलाज के दौरान महिला ने भी दम तोड़ दिया था।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सुनसान इलाके और प्रत्यक्षदर्शी नहीं होने के कारण मामला चुनौतीपूर्ण था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस ने गांव में कैंप लगाकर लोगों से पूछताछ की और वैज्ञानिक तरीके से जांच आगे बढ़ाई।

जांच के दौरान पुलिस को ग्राम कोड़ासिया निवासी भिखारीराम नागवंशी पर संदेह हुआ। पूछताछ में पहले आरोपी ने घटना से इनकार किया, लेकिन वैज्ञानिक और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ के बाद उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए गए हैं।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना आगे भी जारी है।