भालू हमले के बाद ग्रामीणों का आक्रोश, स्कूल में ताला लगाकर बाउंड्रीवाल की मांग पर धरना

Follow Us

कांकेर। जिले के लारगांव मरकाटोला स्थित स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। स्कूल में बाउंड्रीवाल नहीं होने और जंगली जानवरों के खतरे को लेकर नाराज ग्रामीणों ने स्कूल में ताला जड़ दिया और परिसर के सामने धरने पर बैठ गए हैं।

ग्रामीणों का यह विरोध हाल ही में हुई दर्दनाक घटना के बाद सामने आया है। दो दिन पहले गांव में भालू के हमले में दो भाई-बहन की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने से बच्चों की जान को खतरा बना हुआ है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि स्कूल परिसर में जल्द से जल्द बाउंड्रीवाल का निर्माण कराया जाए, चार फॉरेस्ट बीट गार्ड की तैनाती की जाए और पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद अन्य भालुओं का रेस्क्यू किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि मांगें पूरी होने तक उनका धरना जारी रहेगा।

इधर, बताया जा रहा है कि बीती रात भी एक भालू गांव में पहुंच गया था और एक घर में घुसकर तोड़फोड़ की। लगातार हो रही वन्यजीवों की गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।