मुंबई। रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स’ सीजन 2 को लेकर फैंस का इंतजार अब खत्म हो गया है। प्राइम वीडियो ने शो का ऑफिशियल ट्रेलर जारी कर दिया है, जिसमें इस बार का खेल पहले से ज्यादा रोमांचक, खतरनाक और सस्पेंस से भरपूर नजर आ रहा है। प्राइम वीडियो ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा, “खेल शुरू हो चुका है। भरोसा करो… अगर हिम्मत है तो।” ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर शो को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
इस सीजन में भी करण जौहर शो को होस्ट करते नजर आएंगे। ट्रेलर की शुरुआत में कंटेस्टेंट्स की झलक दिखाई गई है, जिसमें मल्लिका शेरावत, रिया चक्रवर्ती, मुनव्वर फारुकी और क्रिस्टल डिसूजा समेत कई चर्चित चेहरे नजर आ रहे हैं। ट्रेलर में दिखाया गया है कि शो में भरोसे, रणनीति और धोखे का खेल पहले से ज्यादा कठिन होने वाला है। कंटेस्टेंट्स को चुनौतियों के साथ-साथ एक-दूसरे की चालों को समझने की भी परीक्षा देनी होगी। ‘द ट्रेटर्स सीजन 2’ प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा। करण जौहर की मेजबानी में यह रियलिटी शो 13 अगस्त से दर्शकों के लिए उपलब्ध होगा।

