छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय हुआ मानसून, उत्तरी इलाकों में भारी बारिश के आसार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। सावन माह में मजबूत मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने वाली हैं। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश होने की संभावना है। उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। उत्तरी इलाकों में सबसे ज्यादा पानी गिरा है। हालांकि, इस मानसून सीजन में अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 7 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी। राजधानी रायपुर में बुधवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और बारिश की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया कि समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, दिल्ली, शाहजहांपुर, बस्ती, छपरा और नागालैंड तक बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम बिहार के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं बंगाल की खाड़ी और आंध्र प्रदेश के ऊपर भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, शंकरगढ़ में 11 सेमी बारिश दर्ज की गई। कुसमी, रतनपुर, सक्ती और भोपालपट्टनम में 7 सेमी, सुकमा और सकोला में 6 सेमी तथा सरागांव और बीजापुर में 5 सेमी वर्षा हुई। वहीं पेंड्रा, भैरमगढ़, करपावंड, छाल, बरमकेला, सरिया और बम्हनीडीह में 4 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।