महादेव बेटिंग ऐप- विकास गर्ग को 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर भेजा

Follow Us

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में आरोपी कारोबारी विकास गर्ग को बुधवार को रायपुर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से अदालत ने उसे 10 दिनों के लिए कस्टोडियल रिमांड पर भेज दिया है। अब ईडी विकास गर्ग से महादेव बेटिंग ऐप से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और अन्य आरोपियों के संबंध में पूछताछ करेगी। 24 जुलाई को उसे दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। बीते दिनों ईडी ने विकास गर्ग की 940 करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त की थी। जानकारी के अनुसार 14 जुलाई को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली से उसे गिरफ्तार किया था। दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने विकास गर्ग को 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर ईडी को सौंपा, जिसके बाद कोर्ट में पेश कर 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड पर लिया गया है।

भाजपा के संरक्षण में महादेव सट्टा ऐप संचालित – इस बीच, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि विकास गर्ग भाजपा दिल्ली के आर्थिक प्रकोष्ठ के चेयरमैन और पूर्व विधायक नंद किशोर गर्ग के बेटे हैं। विकास गर्ग को 1200 करोड़ से ज्यादा के लेनदेन के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा कि महादेव सट्टा ऐप भाजपा के संरक्षण में संचालित हो रहा था। विकास गर्ग हर महीने करीब 450 करोड़ रुपए कमाता था। यह सूचना सिंडिकेट के टॉप बॉस के पास पहुंच गई। बंदरबांट को लेकर विवाद होने के बाद ईडी से कार्रवाई करवाई गई।