दुर्ग। साइबर ठगी की रकम के लेन-देन में म्यूल बैंक खातों के इस्तेमाल का मामला सामने आने के बाद दुर्ग पुलिस ने सात खाताधारकों के खिलाफ कार्रवाई की है। थाना सुपेला, खुर्सीपार और एसीसीयू की संयुक्त टीम की जांच में सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर 5 हजार से 15 हजार रुपये तक के कमीशन के लालच में अपने बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और सिम कार्ड दूसरे लोगों को उपलब्ध कराते थे। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 14 अक्टूबर को सुपेला क्षेत्र के दो और खुर्सीपार क्षेत्र के पांच खाताधारकों पर कार्रवाई की गई। जांच में फेडरल बैंक, उत्कर्ष बैंक और इंडियन बैंक से जुड़े खातों के जरिए लाखों रुपये से अधिक के संदिग्ध लेन-देन की जानकारी सामने आई। पुलिस ने बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं।
सुपेला क्षेत्र से शुभम चौधरी (22), निवासी सुभाष नगर, नंदिनी रोड, छावनी और गुरमीत कौर, निवासी कृपाल नगर, कोहका को आरोपी बनाया गया है। वहीं खुर्सीपार क्षेत्र से तरुण नायक (40), निखिल नेताम (22), यसमीत सिंह (22), गौरव साहू (23) और नरगिस के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, मामले सुपेला थाने में अपराध क्रमांक 1321/2026 और 1324/2026 तथा खुर्सीपार थाने में अपराध क्रमांक 272/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(2), 318(3) और 317(4) में दर्ज हैं। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को इस्तेमाल के लिए न दें। खाते के दुरुपयोग की आशंका होने पर बैंक या नजदीकी पुलिस थाने को सूचना दें। साइबर ठगी की शिकायत हेल्पलाइन नंबर 1930 और वेबसाइट cybercrime.gov.in पर भी दर्ज कराई जा सकती है।
