जशपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने जशपुर जिले में विभिन्न दुर्घटनाओं में जान गंवाने वाले 16 लोगों के निकटतम वारिसों के लिए कुल 64 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। प्रत्येक पात्र परिवार को 4 लाख रुपये दिए जाएंगे। कलेक्टर कार्यालय जशपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह सहायता छत्तीसगढ़ राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत मंजूर की गई है। स्वीकृत मामलों में कुएं, तालाब, नदी, बांध और अन्य जलस्रोतों में डूबने से हुई मौतों के प्रकरण शामिल हैं। इनमें कुनकुरी तहसील के बेमताटोली में मनीषा बाई, जशपुर तहसील के बाहमनपुर में बीकांत तिर्की और फरसाबहार तहसील के सिंगिबहार में सरस्वती बाई की मृत्यु के मामले भी शामिल हैं।
इसके अलावा मनोरा तहसील के पटिया (अंगराकटोना), रेमने, लिटिम, डड़गांव, गुल्लू और गेधा में हुई मौतों के मामलों में भी सहायता स्वीकृत की गई है। तपकरा तहसील के साजबहार (कंडरापानी) और पत्थलगांव तहसील के गोडीकला के प्रकरण भी इसमें शामिल हैं। वहीं फरसाबहार तहसील के कोनपारा, गारीघाट (किनकेला टोला), भालूमुंडा, कुंहारबहार और माटीपहाड़छर्री में मृतकों के निकटतम वारिसों को भी 4-4 लाख रुपये दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य दुर्घटना और आपदा से प्रभावित परिवारों को निर्धारित प्रावधानों के तहत आर्थिक संबल उपलब्ध कराना है, ताकि वे कठिन परिस्थितियों से उबरकर जीवन को फिर से व्यवस्थित कर सकें।
