क्रिकेट में नया इतिहास लिखेगा बीबीएल, पहली बार ऑस्ट्रेलिया से बाहर भारत में होगा सीजन का आगाज

Follow Us

नई दिल्ली। ऑस्ट्रेलिया की लोकप्रिय टी20 क्रिकेट लीग बिग बैश लीग (BBL) आगामी सीजन में एक बड़ा बदलाव करने जा रही है। क्रिकेट इतिहास में पहली बार किसी विदेशी घरेलू टी20 लीग का उद्घाटन मुकाबला उसके अपने देश के बजाय भारत में खेला जाएगा। बीबीएल के 2026-27 सीजन की शुरुआत इस बार भारत से होने की योजना है। आमतौर पर दुनिया की प्रमुख घरेलू लीग अपने शुरुआती और अंतिम मुकाबले घरेलू मैदानों पर ही आयोजित करती हैं, लेकिन बीबीएल ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए यह अनोखा कदम उठाया है।

इस फैसले से भारत में मौजूद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट लीग के प्रशंसकों को पहली बार बीबीएल का मुकाबला अपने देश में लाइव देखने का मौका मिल सकता है। हालांकि अभी तक आयोजन स्थल, तारीख और आमने-सामने खेलने वाली टीमों की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि, यह कदम भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट संबंधों को और मजबूत कर सकता है। साथ ही इससे बीबीएल को भारत जैसे बड़े क्रिकेट बाजार में नई पहचान बनाने में मदद मिलेगी। यह आयोजन वैश्विक क्रिकेट कैलेंडर में एक नई शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि पहली बार कोई विदेशी टी20 लीग भारत को अपने सीजन के उद्घाटन स्थल के रूप में चुन रही है।