कटघोरा में ज्वेलरी शॉप पर दिनदहाड़े डकैती की कोशिश नाकाम, महिला बनकर पहुंचे बदमाश; कट्टा छोड़कर भागे

Follow Us

कटघोरा। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के ग्राम छुरी में बुधवार दोपहर एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लूट की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने ग्राहक बनकर दुकान में प्रवेश किया और हथियार के बल पर जेवरात लूटने का प्रयास किया। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे तीन आरोपी राज ज्वैलर्स पहुंचे। इनमें से एक बदमाश महिला के भेष में सलवार-सूट पहनकर आया था, ताकि किसी को उस पर शक न हो। बदमाशों ने सोने की अंगूठी देखने के बहाने दुकान संचालक को बातचीत में उलझाया और अचानक उसकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंक दिया।

इसके बाद आरोपियों ने कट्टा और चाकू दिखाकर दुकान में रखे जेवरात लूटने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि अफरा-तफरी के दौरान बदमाश कुछ आर्टिफिशियल (नकली) ज्वेलरी लेकर भागने में सफल रहे। वारदात के समय दुकान में तीन कर्मचारी मौजूद थे। विरोध करने पर बदमाशों ने दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल पर हमला कर दिया। हाथापाई के दौरान एक आरोपी ने चाकू से वार किया, जबकि संचालक को दांत से काटने की भी जानकारी सामने आई है।

संचालक के साहस और कर्मचारियों के विरोध के चलते बदमाश अपनी योजना में पूरी तरह सफल नहीं हो सके। भागने की जल्दबाजी में आरोपी मौके पर एक कट्टा और प्लेटिना बाइक छोड़कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच जारी है।