भारत-पाक संबंध सुधार की नई पहल: 117 हस्तियों ने मोदी और शरीफ से की बातचीत में बहाल करने की अपील

Follow Us

नई दिल्ली / इस्लामाबादभारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनाव को खत्म करने की एक नई पहल सामने आई है। दोनों देशों की 117 प्रमुख हस्तियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को एक संयुक्त पत्र लिखकर आपसी रिश्तों को सामान्य करने और बातचीत फिर से शुरू करने की अपील की है।

इस पत्र में दोनों देशों से टकराव की बजाय संवाद का रास्ता अपनाने पर जोर दिया गया है। इसमें राजनयिक संबंधों को बहाल करने, वीजा सेवाएं दोबारा शुरू करने, एयरस्पेस खोलने और लोगों के बीच आपसी संपर्क बढ़ाने की मांग की गई है। साथ ही मीडिया और पत्रकारों पर लगी पाबंदियों को हटाने का भी आग्रह किया गया है।

इस पहल का नेतृत्व सेंटर फॉर पीस एंड प्रोग्रेस के अध्यक्ष ओपी शाह द्वारा किया गया है। पत्र पर भारत और पाकिस्तान दोनों देशों के प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षणिक हस्तियों ने हस्ताक्षर किए हैं। भारत की ओर से फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, मणिशंकर अय्यर और मनोज झा जैसे नाम शामिल हैं, जबकि पाकिस्तान से पूर्व विदेश मंत्री खुर्शीद महमूद कसूरी सहित कई पूर्व राजनयिक और विशेषज्ञों ने समर्थन दिया है।

पत्र में कहा गया है कि, दोनों देशों की बड़ी युवा आबादी विकास और रोजगार के अवसर चाहती है, लेकिन लगातार तनाव उनकी प्रगति में बाधा बन रहा है। इसलिए 2004 और 2007 की वार्ता प्रक्रिया को फिर से आगे बढ़ाने और उच्चायुक्तों की बहाली की भी मांग की गई है। यह पहल एक बार फिर दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता की उम्मीद को मजबूत करती है।