बिना चीनी भी मिलेगी मिठास, जानें हेल्दी और आसान ट्रिक्स

Follow Us

लाइफस्टाइल। अधिक मात्रा में चीनी का सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, जरूरत से ज्यादा मीठा खाने से मोटापा, डायबिटीज, दांतों की समस्याएं और सुस्ती जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि आपको मीठे व्यंजनों से पूरी तरह दूरी बनानी पड़े। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि चीनी की जगह प्राकृतिक विकल्प अपनाकर स्वाद और सेहत दोनों को संतुलित रखा जा सकता है। हलवा, खीर और अन्य मिठाइयों में चीनी की मात्रा कम करके गुड़, शहद और खजूर जैसे विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इनमें कुछ पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो इन्हें बेहतर विकल्प बनाते हैं। फलों के जरिए भी प्राकृतिक मिठास पाई जा सकती है। खीर या अन्य व्यंजनों में केला, सेब और किशमिश मिलाकर स्वाद बढ़ाया जा सकता है। वहीं बादाम, काजू और अन्य सूखे मेवे मिठास के साथ पोषण भी प्रदान करते हैं।

विशेषज्ञों के मुताबिक, प्रोटीन और फाइबर युक्त भोजन मीठा खाने की इच्छा को कम करने में मदद करता है। दालें, हरी सब्जियां, सलाद और साबुत अनाज को नियमित आहार में शामिल करने से बार-बार मीठा खाने की क्रेविंग कम हो सकती है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है। कई बार शरीर की प्यास को लोग भूख या मीठा खाने की इच्छा समझ लेते हैं। ऐसे में नियमित रूप से पानी पीना फायदेमंद साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि मीठा पूरी तरह छोड़ने की बजाय सीमित मात्रा में और सही विकल्पों के साथ सेवन करना बेहतर है। संतुलित खानपान अपनाकर स्वाद और सेहत दोनों का ख्याल रखा जा सकता है।