78 लाख की सड़क दो महीने में उखड़ी, फिर भी ठेकेदार को मिला भुगतान! भिलाई निगम में ‘कमीशन खेल’ पर मचा बवाल

Follow Us

दुर्ग। जिले के भिलाई नगर निगम में सड़क निर्माण को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। वार्ड-22 कुरूद में 15वें वित्त आयोग की राशि से बनाई गई सड़क महज दो महीने में जर्जर हो गई, लेकिन आरोप है कि गुणवत्ता पर सवाल उठने के बावजूद ठेकेदार को लाखों रुपए का भुगतान कर दिया गया। मामले ने अब राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। जानकारी के मुताबिक, कुरूद क्षेत्र में दो सड़कों के निर्माण के लिए करीब 78.30 लाख रुपए का ठेका मेसर्स शशांक जैन को दिया गया था। सड़क बनने के कुछ ही समय बाद उसकी परतें उखड़ने लगीं और निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

इसके बावजूद ठेकेदार को पहले 15.43 लाख और बाद में 35.25 लाख रुपए का रनिंग बिल जारी कर दिया गया। महापौर नीरज पाल ने इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए कलेक्टर को पत्र लिखकर ठेकेदार को ब्लैक लिस्टेड करने की मांग की है। उन्होंने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। बताया जा रहा है कि, जोन-2 आयुक्त एशा लहरे ने निर्माण गुणवत्ता और देरी को लेकर पहले ही नोटिस जारी किया था, लेकिन कार्रवाई लंबित रही। वहीं निगम आयुक्त राजीव पांडेय का कहना है कि बिना अधिकारियों की जानकारी के निर्माण कार्य किया गया, इसलिए अब ठेकेदार पर ब्लैक लिस्टिंग की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।