रायपुर। राजधानी रायपुर के सदर बाजार स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शोरूम में करोड़ों की चोरी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 16 वर्षों से काम कर रहा कर्मचारी करीब 2.34 करोड़ रुपए कीमत का सोना लेकर फरार हो गया। घटना के बाद कारोबारी और पुलिस दोनों सकते में हैं। मामला सदर बाजार और कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, मनोहरमल एंड कंपनी में कार्यरत बंधवापारा निवासी सूरज साहू को लंबे समय से भरोसेमंद कर्मचारी माना जाता था। इसी भरोसे के चलते उसे डिस्प्ले में रखे गए महंगे जेवर वापस लॉकर में रखने की जिम्मेदारी दी गई थी।
बताया जा रहा है कि, पिछले महीने उसने एक व्यापारी को दिखाने के नाम पर लॉकर से सोने के जेवर निकाले, लेकिन उन्हें वापस रखने के बजाय अपने बैग में छिपाकर घर ले गया। हैरानी की बात यह रही कि, घटना के बाद भी आरोपी कई दिनों तक दुकान आता रहा, जिससे किसी को उस पर शक नहीं हुआ। करीब एक महीने बाद स्टॉक मिलान के दौरान 1495 ग्राम सोना गायब मिला। इसके बाद जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो सूरज साहू संदिग्ध गतिविधियों में नजर आया। शिकायत के बाद पुलिस आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह फरार मिला। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर उसकी तलाश में जुटी है।
