नई दिल्ली। दिल्ली में गहराते वायु प्रदूषण पर काबू पाने के लिए रेखा गुप्ता सरकार लगातार एक्शन मोड में है। प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए प्रशासन द्वारा लिए जा रहे ताबड़तोड़ फैसलों के बीच दिल्ली नगर निगम (MCD) ने सबोली इलाके में एक बड़ा अभियान चलाकर प्रदूषण फैलाने वाली 6 अवैध फैक्ट्रियों को सील कर दिया है। यह सख्त कार्रवाई दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (DPCC) और नगर निगम की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
निगम आयुक्त ममता यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र के निवासियों से लंबे समय से इन फैक्ट्रियों से निकलने वाले हानिकारक धुएं, रासायनिक गंध और खतरनाक अपशिष्ट पदार्थों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन जनशिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने एक औचक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान इन सभी फैक्ट्रियों में प्रदूषण नियंत्रण संबंधी नियमों और मानकों का सरेआम उल्लंघन पाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, ये फैक्ट्रियां बिना किसी वैध अनुमति के औद्योगिक गतिविधियां संचालित कर रही थीं और पर्यावरण सुरक्षा नियमों को पूरी तरह ताक पर रख दिया गया था। अनियमितताएं सामने आते ही टीम ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इन्हें तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। दिल्ली नगर निगम ने साफ किया है कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे अवैध उद्योगों के खिलाफ यह अभियान आगे भी कड़ाई से जारी रहेगा। साथ ही, प्रशासन ने आम जनता से भी अपील की है कि वे अपने आसपास चल रही ऐसी अवैध फैक्ट्रियों की जानकारी तुरंत अधिकारियों को दें।
