रायपुर। देशभर में बढ़ती पेट्रोल-डीजल कीमतों को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए महंगाई और आर्थिक संकट के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। रायपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान भूपेश बघेल ने कहा कि, सरकार आम जनता को सलाह देने में व्यस्त है, जबकि लोग लगातार बढ़ती महंगाई से परेशान हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री लोगों को विदेश यात्रा और खर्चों में कटौती की सलाह देते हैं, लेकिन खुद लगातार विदेश दौरे करते हैं। उन्होंने कहा कि “दूसरों के लिए नियम अलग और खुद के लिए अलग व्यवस्था” अब जनता समझ चुकी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने सवाल उठाते हुए कहा कि, सरकार को पहले यह बताना चाहिए कि बढ़ती महंगाई और ईंधन कीमतों को नियंत्रित करने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं। उनके मुताबिक पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है। भूपेश बघेल ने राज्य सरकार के “सुशासन तिहार” अभियान पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गांवों और कार्यक्रमों में जा रहे हैं, लेकिन जनता की वास्तविक समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। प्रशासन पर नियंत्रण नहीं होने और भाजपा जनप्रतिनिधियों में निराशा होने का भी उन्होंने दावा किया। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी और जनहित के सवालों पर सरकार को घेरती रहेगी।
