त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी में भीषण आग: धुएं से भरा AC कोच, यात्रियों को तुरंत कराया गया रेस्क्यू

Follow Us

नई दिल्ली/कोटा। त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में रविवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ट्रेन के बी-1 एसी कोच में अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई और पूरे रेल प्रशासन में हड़कंप फैल गया। घटना मध्य प्रदेश के रतलाम रेलखंड में आलोट और लूणीरिच्छा स्टेशनों के बीच सुबह करीब 5:30 बजे हुई।

जानकारी के अनुसार, ट्रेन अपने निर्धारित रूट पर तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही थी, तभी गार्ड ने एसी कोच से धुआं उठता देखा। तुरंत लोको पायलट को सूचना दी गई और ट्रेन को आपात स्थिति में रोका गया। रेलवे और आरपीएफ टीम ने तेजी दिखाते हुए करीब 15 मिनट के भीतर कोच में सवार सभी 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

हालांकि कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे कोच को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति बिगड़ने से पहले रेलवे कर्मचारियों ने आग लगे डिब्बे को ट्रेन से अलग कर दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद दिल्ली-मुंबई रेल रूट पर ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो गया है। पिछले कई घंटों से इस मार्ग पर रेल यातायात बाधित बताया जा रहा है। रेलवे अधिकारियों ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि, राजधानी एक्सप्रेस सुबह रतलाम जंक्शन से रवाना हुई थी और कोटा पहुंचने से पहले ही हादसे का शिकार हो गई।