चुनाव में विदेशी सेंधमारी! तमिलनाडु से 25 विदेशी अरेस्ट, राहुल गांधी के आरोपों की बढ़ी चर्चा

Follow Us

चेन्नई। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में फर्जी वोटिंग को लेकर एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चेन्नई पुलिस ने अवैध रूप से मतदान करने के आरोप में चार महिलाओं समेत 25 विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। केंद्रीय अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस ने आव्रजन (इमिग्रेशन) अधिकारियों की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को दबोचा। दरअसल, 23 अप्रैल को हुए मतदान के बाद जब ये नागरिक चेन्नई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से देश छोड़ने की कोशिश कर रहे थे, तब इमिग्रेशन अधिकारियों ने इनकी उंगलियों पर लगी चुनावी स्याही देखकर इन्हें हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आया कि, भारतीय नागरिक न होने के बावजूद इन लोगों ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाए और वोट डाला। गिरफ्तार आरोपियों में सबसे ज्यादा 7 श्रीलंकाई नागरिक हैं, जबकि कुछ के पास ब्रिटेन और कनाडा के पासपोर्ट भी मिले हैं। इस पूरी घटना की विस्तृत रिपोर्ट चुनाव आयोग को सौंप दी गई है।

इस बड़े खुलासे के बाद देश में एक बार फिर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्ष लगातार भाजपा सरकार पर ‘वोट चोरी’ और फर्जी वोटिंग का आरोप लगाते रहे हैं। राहुल गांधी ने तो हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनावों के दौरान विदेशी नागरिकों द्वारा अवैध वोटिंग कराए जाने का दावा भी किया था और कुछ सबूत भी पेश किए थे, जिसे तब चुनाव आयोग ने महज आरोप बताया था। लेकिन तमिलनाडु की इस घटना ने चुनावी शुचिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल, जांच एजेंसियां ऐसे और भी विदेशी नागरिकों का डेटा खंगाल रही हैं जो चुनाव से ठीक पहले भारत आए और अब तक वापस नहीं लौटे हैं।