पानीपत में सेना की गाड़ी पलटी: ट्रक को ओवरटेक करते समय बड़ा हादसा, मेजर और ड्राइवर जख्मी

Follow Us

पानीपत। दिल्ली-अंबाला नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां मनाना गांव के पास भारतीय सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब सैन्य वाहन एक ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान गाड़ी पर से नियंत्रण खो गया और वह सीधे डिवाइडर पर चढ़कर पलट गई। इस भीषण हादसे में गाड़ी में सवार मेजर यतिन और उनके ड्राइवर जतिन गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि गनमैन अक्षय खुशकिस्मत रहे और वे बाल-बाल बच गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को अविलंब इलाज के लिए नजदीकी सामान्य अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मेजर यतिन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। डीएसपी हेडक्वार्टर सतीश कुमार ने बताया कि, सेना की गाड़ी दिल्ली से अंबाला की ओर जा रही थी। हादसे के वक्त वाहन में कुल तीन लोग सवार थे। फिलहाल सेना के अधिकारियों की तरफ से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, शिकायत मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।