खैरागढ़। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला के मुख्य मार्ग पर शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक हादसे के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। नर्मदा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रही गाय को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि, गाय ट्रक के नीचे बुरी तरह फंस गई और मौके पर तड़पती रही। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घटना के तुरंत बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों का आरोप था कि, ट्रक शराब से भरा हुआ था और चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर तनाव की स्थिति बनी रही और लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
स्थानीय लोगों का कहना है कि, भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर शराब से लदे ट्रकों की आवाजाही को लेकर लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी राजेश देवदास ने बताया कि, चालक का ब्रेथ एनालाइज़र टेस्ट कराया गया, जिसमें अल्कोहल की मात्रा कानूनी सीमा से कम पाई गई। फिलहाल चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
