कोरबा। जिले में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कार आग के गोले में बदल गई और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना कोरबा-कटघोरा मार्ग स्थित जेलगांव राष्ट्रीय राजमार्ग की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, कार में भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री के भाई डॉ. विवेक महतो समेत तीन लोग सवार थे। सफर के दौरान अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा और फिर आग तेजी से फैल गई।
स्थिति बिगड़ती देख कार में बैठे लोगों ने तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सीएसईबी की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। इस हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है, लेकिन वाहन को भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कार धू-धू कर जलती दिखाई दे रही है।
