जंगल में युवक की लाश मिलने से सनसनी, दो दिन से लापता था युवक, जांच में जुटी पुलिस

Follow Us

धमतरी। जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। दो दिनों से लापता युवक का शव फुटहामुड़ा जंगल में मिलने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान पुनुराम मंडावी के रूप में हुई है, जो केरेगांव थाना क्षेत्र के माकरदोना गांव का निवासी था। जानकारी के अनुसार, पुनुराम दो दिन पहले घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई थी।
इसी बीच शुक्रवार को फुटहामुड़ा जंगल में एक शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान पुनुराम मंडावी के रूप में की। घटना की खबर फैलते ही गांव में शोक और चिंता का माहौल बन गया।

फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि, पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण सामने आएंगे। जिला अस्पताल के डॉक्टर राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि, शव परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की स्थिति स्पष्ट होगी। वहीं पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।