रायपुर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कर्मचारियों के प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन की तैयारियाँ प्रदेशभर में जोर-शोर से चल रही हैं। सभी जिलों में कर्मचारियों के बीच महासम्मेलन को लेकर भारी उत्साह एवं ऊर्जा देखने को मिल रही है। प्रदेश में कार्यरत 18 हजार से अधिक एनएचएम कर्मचारी, अधिकारी, डॉक्टर, स्टाफ नर्स, मेडिकल ऑफिसर, सहित मैंनेजमेन्ट कैडर सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उप स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेजों में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं।

आगामी प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन में बड़ी संख्या में कर्मचारियों के रायपुर पहुँचने की संभावना है। महासम्मेलन के मद्देनजर शासन एवं प्रशासन स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है। कर्मचारियों द्वारा मुख्यमंत्री एवं माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल जी को कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

उनके सम्मेलन में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। ज्ञात हो कि, आंदोलन के दौरान कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर शासन की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया था। इसके तहत संचालक स्तर पर कर्मचारियों की मांगों के प्रत्येक बिंदु पर लगातार अध्ययन एवं चर्चा की प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के अनुसार कर्मचारियों की प्रमुख मांगों —
▪️चिकित्सा परिचर्या नियम,
▪️अनुकंपा नियुक्ति,
▪️स्थानांतरण नीति,
▪️ग्रेड-पे एवं वेतन स्केल,
▪️वेतन वृद्धि,
▪️नई मानव संसाधन नीति

जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर तीन माह के भीतर कार्यवाही करने का विभाग द्वारा लिखित आश्वासन दिया गया था। स्वास्थ्य मंत्री जी द्वारा भी मीडिया के समक्ष इन मांगों को जल्द पूरा करने की बात कही गई थी। इधर सम्मेलन के मदे नजर मंत्रालय एवं संचालक स्तर पर फाइलों में बढ़ती हलचल से कर्मचारियों के बीच सकारात्मक माहौल बना हुआ है तथा मांगों के जल्द निराकरण की उम्मीदें और प्रबल हो गई हैं।
