रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में शुक्रवार को हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत दी। प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में गरज-चमक, तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। शुक्रवार सुबह कसडोल में 60 मिमी, कोमाखान में 40 मिमी और गिरौदपुरी में 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं बलौदाबाजार, भाटापारा और कोटा में भी अच्छी बारिश हुई।
प्रदेश में पिछले 15 दिनों से लगातार बादल और बारिश का असर देखा जा रहा है, जो आमतौर पर मानसून के दौरान देखने को मिलता है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 26 मई तक केरल तट पर पहुंच सकता है, जिसके बाद मध्य भारत में भी इसका असर तेजी से बढ़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों ने बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ को इस बदलाव का प्रमुख कारण बताया है। रायपुर में शनिवार को भी बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवा चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
