बड़ी कूटनीतिक सफलता: अमेरिका की मध्यस्थता से इजरायल-लेबनान में बनी शांति

Follow Us

वॉशिंगटन। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच बड़ी कूटनीतिक सफलता सामने आई है। अमेरिका की मध्यस्थता में हुई अहम वार्ता के बाद इजरायल और लेबनान ने अपने बीच लागू संघर्ष विराम को अगले 45 दिनों तक बढ़ाने पर सहमति जता दी है। यह फैसला वॉशिंगटन में दो दिनों तक चली उच्चस्तरीय बातचीत के बाद लिया गया। अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा कि, दोनों देशों के बीच बातचीत सकारात्मक रही और आने वाले हफ्तों में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए 2-3 जून को फिर बैठक होगी। अमेरिका को उम्मीद है कि, यह पहल सीमा पर स्थिरता, संप्रभुता के सम्मान और दीर्घकालिक शांति का रास्ता तैयार करेगी।

दरअसल, इजरायल और लेबनान समर्थित उग्रवादी संगठन हिज़बुल्लाह के बीच लागू अस्थायी युद्धविराम की अवधि समाप्त होने वाली थी। ऐसे में सीमा पर दोबारा हिंसा भड़कने की आशंका बढ़ गई थी। हालांकि नई सहमति के बाद फिलहाल हालात नियंत्रित रहने की उम्मीद जताई जा रही है। वार्ता के दौरान लेबनान ने पूर्ण युद्धविराम पर जोर दिया, जबकि इजरायल ने स्पष्ट किया कि स्थायी शांति के लिए हिजबुल्लाह का निशस्त्रीकरण जरूरी है। दूसरी ओर, ईरान ने भी संकेत दिए हैं कि क्षेत्रीय तनाव खत्म करने के लिए लेबनान में इजरायली सैन्य कार्रवाई का रुकना अहम शर्त है। विशेषज्ञ मान रहे हैं कि, यह समझौता मिडिल ईस्ट में संभावित बड़े संघर्ष को फिलहाल टालने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।