रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की विदेश यात्राएं एक बार फिर सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गई हैं। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राहुल गांधी के 22 साल के राजनीतिक करियर के दौरान किए गए विदेश दौरों का ब्यौरा सोशल मीडिया पर साझा कर उन पर तीखा हमला बोला है। यह विवाद तब और गहरा गया जब भाजपा सांसद संबित पात्रा ने राहुल गांधी की घोषित आय और उनकी निजी यात्राओं के भारी-भरकम खर्च के बीच के अंतर पर गंभीर सवाल खड़े किए।

भाजपा के दावों के मुताबिक, राहुल गांधी ने अब तक 54 बार विदेश यात्राएं की हैं, जिनमें इटली, अमेरिका, यूके और यूएई जैसे देश शामिल हैं। हाल ही में मस्कट और ओमान की अघोषित यात्राओं के फुटेज सामने आने के बाद भाजपा ने उनकी ‘फंडिंग’ के स्रोत को लेकर घेराबंदी शुरू कर दी है। संबित पात्रा का तर्क है कि साल 2013 से 2023 के बीच राहुल गांधी की कुल घोषित आय लगभग 11 करोड़ रुपये रही है, जबकि उनकी इन 54 विदेश यात्राओं पर करीब 60 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। भाजपा ने सीधा सवाल दागा है कि जब आय का जरिया सीमित है, तो करोड़ों रुपये की निजी यात्राओं का खर्च कहां से और कौन उठा रहा है? वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा इस डेटा को सार्वजनिक किए जाने के बाद अब यह मामला ‘आय बनाम खर्च’ की कूटनीतिक जंग में तब्दील हो गया है।
