नई दिल्ली। गर्मियों के इस सीज़न में डेज़र्ट लवर्स के लिए एक नई और दिलचस्प सौगात आई है। अनंत अंबानी ने अपने नए प्रीमियम आइसक्रीम ब्रांड ‘वंतारा क्रीमरी’ की शुरुआत की है, जो देसी फ्लेवर को मॉडर्न स्टाइल में पेश कर रहा है। वाइल्डलाइफ कंजर्वेशन प्रोजेक्ट ‘वंतारा’ के बाद अब यह ब्रांड फूड और लाइफस्टाइल स्पेस में भी एंट्री कर चुका है। मुंबई के Jio World Drive में रेट्रो-थीम वाले आइसक्रीम ट्रक के जरिए इसका खास लॉन्च किया गया, जहां लोगों ने अलग-अलग आर्टिसनल फ्लेवर्स का स्वाद चखा। लॉन्च इवेंट ने सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोरी।
‘वंतारा क्रीमरी’ की सबसे खास बात इसका देसी और नॉस्टैल्जिक मेनू है। यहां सिर्फ वनीला और चॉकलेट नहीं, बल्कि अमरूद-मिर्च, मलाई कुल्फी, केसर पेड़ा और फिल्टर कॉफी जैसे हटकर फ्लेवर मिल रहे हैं। हल्के और फ्रेश टेस्ट पसंद करने वालों के लिए लेमन सॉर्बेट भी मेनू में शामिल है। बताया जा रहा है कि, ब्रांड कुल 17 खास फ्लेवर्स लेकर आया है, जिन्हें छोटे बैच में तैयार किया जाता है। इन आइसक्रीम्स को A2 गिर गाय के दूध से बनाया गया है, जिससे इनका टेक्सचर ज्यादा रिच और क्रीमी बनता है। देसी स्वाद और प्रीमियम क्वालिटी का यह मेल युवाओं और फूड एक्सप्लोरर्स को खासा आकर्षित कर रहा है।
