रायपुर। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने बेरोजगारी, विकास कार्यों और कांग्रेस की राजनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि, प्रदेश में बेरोजगारी दर में भारी गिरावट आई है और भाजपा सरकार की नीतियों से युवाओं के सपने हकीकत में बदल रहे हैं। केदार कश्यप ने कहा कि सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में जो सुधार आज दिख रहा है, वह भाजपा की दूरगामी सोच का परिणाम है, जिससे आम जनता का जीवन स्तर लगातार ऊंचा हो रहा है।
कांग्रेस द्वारा मंत्रियों के काफिले और सरकारी खर्च कम करने की मांग पर पलटवार करते हुए मंत्री ने कहा कि, सरकार फिजूलखर्ची रोकने के लिए हमेशा गंभीर रहती है। इस पर उचित स्तर पर विचार किया जाएगा, लेकिन कांग्रेस को बोलने का हक नहीं है क्योंकि उनके शासनकाल में केवल भ्रष्टाचार और संसाधनों का दुरुपयोग हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मितव्ययिता और संकट प्रबंधन’ की अपील पर कांग्रेस के तंज को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। कश्यप ने कहा कि, जब देश वैश्विक संकटों के बीच खुद को मजबूत कर रहा है, तब कांग्रेस केवल आरोप लगाने में व्यस्त है। उन्होंने साफ कहा कि, कांग्रेस ने दशकों तक देश को खोखला किया, जबकि आज भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है।
हिंदुत्व और तुष्टिकरण के मुद्दे पर मंत्री कश्यप ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा कि, आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति के चलते सनातन धर्म का अपमान किया। उन्होंने यहाँ तक आरोप लगाया कि, एक समय राष्ट्रपति तक को मंदिर जाने से रोकने की कोशिश की गई थी। इसी मानसिकता के कारण आज देशभर से कांग्रेस का वजूद खत्म हो रहा है। वहीं, फॉरेस्ट गार्ड भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर देते हुए मंत्री ने बताया कि, फिजिकल टेस्ट पूरा हो चुका है। व्यापम के माध्यम से लिखित परीक्षा की तैयारी चल रही है और दिसंबर या जनवरी तक परीक्षा आयोजित की जा सकती है।
