नई दिल्ली। ऑनलाइन रियल मनी गेमिंग कारोबार के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गेम्सक्राफ्ट टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के तीन संस्थापकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक सिंह, पृथ्वीराज सिंह और विकास तनेजा शामिल हैं। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग, धोखाधड़ी और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन के आरोपों के तहत की गई है। ईडी के मुताबिक, कंपनी और उससे जुड़ी संस्थाओं के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज थीं। आरोप है कि, कंपनी “रमीकल्चर” और “रमीटाइम” जैसे ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म चलाती थी, जहां लोगों से पैसे लगवाकर गेम खिलाए जाते थे।
जांच एजेंसियों को शिकायत मिली थी कि इन प्लेटफॉर्म्स के कारण कई लोग आर्थिक नुकसान और मानसिक तनाव का शिकार हुए। कुछ मामलों में आत्महत्या जैसी घटनाओं की जानकारी भी सामने आई है। मामले की जांच के दौरान ईडी ने कर्नाटक और एनसीआर क्षेत्र में 17 से ज्यादा ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और इलेक्ट्रॉनिक सबूत जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि, शुरुआती जांच में मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े पर्याप्त संकेत मिले हैं। इसके बाद तीनों आरोपियों को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया गया। फिलहाल ईडी इस पूरे नेटवर्क, वित्तीय लेनदेन और अन्य जुड़े लोगों की गहराई से जांच कर रही है।
